रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जनपद में दो अलग-अलग थानों की पुलिस ने महिलाओं के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक मामला रानी की सराय थाना क्षेत्र का है तो दूसरा अहरौला थाना क्षेत्र का। दोनों ही मामलों में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को दबोच लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


रानी की सराय थाना क्षेत्र में एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि कमलेश पुत्र मदनलाल निवासी बनकटा, थाना तहबरपुर ने उसे शादी का झांसा देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। बाद में आरोपी ने वादिनी से वनदेवी मंदिर, मऊ में झूठा प्रेम विवाह का नाटक किया, मांग में सिंदूर भरकर धोखा दिया और गर्भवती होने पर दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया। इसके बाद आरोपी ने महिला को अपनाने से इनकार करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में थाना रानी की सराय में  मुकदमा दर्ज किया गया।
शुक्रवार  को उपनिरीक्षक हैदर अली मंसूरी मय टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को बेलइसा चौराहा से सुबह गिरफ्तार गिरफ्तार कर लिया।

इसी प्रकार अहरौला थाना क्षेत्र में साबिर पुत्र तस्लीम निवासी मकदूमपुर, थाना अहरौला पर एक युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। वादी द्वारा दी गई तहरीर पर थाना अहरौला में  मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान धारा 64/351(3) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर निजामपुर अंडरपास से आरोपी को अपराह्न गिरफ्तार कर लिया ।दोनों ही मामलों में पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।