रिपोर्ट: आशीष निषाद
अतरौलिया/आज़मगढ़। थाना अतरौलिया पुलिस की साइबर हेल्पडेस्क टीम ने ऑनलाइन ठगी और गलत भुगतान के दो मामलों में पीड़ितों को कुल 16,500 रुपये वापस दिलाए। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में लोगों में सुरक्षा और भरोसे का माहौल बना है।
बीते 29 अप्रैल को कबीरुद्दीनपुर निवासी उमाकान्त ने ऑनलाइन नौकरी दिलाने के नाम पर 10,000 रुपये की ठगी की शिकायत थाना अतरौलिया पर दर्ज कराई थी। जांच के दौरान उमाकान्त का निधन हो गया, लेकिन साइबर हेल्पडेस्क प्रभारी उप निरीक्षक अभिषेक यादव और कंप्यूटर ऑपरेटर आशीष कुमार ने बैंक से समन्वय कर शिकायतकर्ता की पत्नी सरिता देवी को 9,000 रुपये वापस कराए।
इसी तरह, 10 अप्रैल को लोहरा गांव निवासी दिनेश यादव ने 7,500 रुपये के गलत ऑनलाइन भुगतान की शिकायत दर्ज कराई। टीम की त्वरित कार्रवाई से पूरी राशि दिनेश यादव को लौटाई गई।
दोनों मामलों में उप निरीक्षक अभिषेक यादव और कंप्यूटर ऑपरेटर आशीष कुमार की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी साइबर ठगी या गलत ऑनलाइन लेन-देन की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाने या साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।
