आज़मगढ़। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार अंतर्गत मेरा युवा भारत (My Bharat) के तत्वावधान में दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन 1 व 2 अक्टूबर 2025 को मार्टिनगंज ब्लॉक के माँ ललिता सीनियर सेकेंडरी स्कूल करूंई, आज़मगढ़ के खेल मैदान में उत्साहपूर्वक हुआ। प्रतियोगिता में करूंई, कंवरे, दीदारगंज, रंगदीह, फूलेश, जयगहां, महुआरा सहित विभिन्न विद्यालयों के युवाओं ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य रामसकल यादव ने किया। मुख्य अतिथि ने युवाओं को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर ईमानदारी पूर्वक प्रयासरत रहने की सीख दी। साथ ही पढ़ाई के साथ खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य शकुंतला यादव ने उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 में अधिकतम सहभागिता का आह्वान किया। स्पोर्ट्स टीचर बृजेश यादव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी, मेडल, प्रमाण-पत्र व विशेष उपहार देकर सम्मानित किया गया। पुरुष कबड्डी में टीम वीर शिवाजी प्रथम और भगत सिंह द्वितीय रही। बालिका वर्ग में सरोजिनी नायडू प्रथम तथा सावित्री बाई फुले टीम द्वितीय रही। बालिका वर्ग 200 मीटर दौड़ में रिया यादव प्रथम, अंकिता द्वितीय व श्रेयांशी तृतीय स्थान पर रही। पुरुष वर्ग 400 मीटर दौड़ में मोहम्मद अनस ने प्रथम, जमशेद ने द्वितीय और शिवम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

बालिका लंबी कूद में अंशु यादव प्रथम, रिया यादव द्वितीय व रोली तृतीय रहीं। बालक लंबी कूद में सलीम, शुभम और नितिन ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन मेरा युवा भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक बृजेश यादव, दीपक प्रजापति और ललिता द्वारा किया गया।