रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। गुरुवार को जिले में अलग-अलग जगहों पर दो सड़क हादसे हुए। सेठारी गांव में ट्रेलर ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी, जिसमें पत्नी की मौत और पति गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, बरदह थाना क्षेत्र के पिलखुआ गांव में 17 वर्षीय छात्र मो ईमरान की जौनपुर में बाइक-ट्रैक्टर टक्कर में मौत हो गई।
पहली घटना बिलरियागंज थाना के सेठारी गांव के पास हुई। तोहफापुर निवासी हवलदार यादव अपनी पत्नी सोनावती को दवा दिलाने के लिए बाइक से जिला मुख्यालय जा रहे थे। अचानक पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सोनावती की मौत हो गई। पति हवलदार यादव का इलाज गंभीर अवस्था में जारी है। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया।
दूसरी घटना बरदह थाना क्षेत्र के पिलखुआ गांव में हुई। 17 वर्षीय मो ईमरान अपने चचेरे भाई जमीर के साथ बाइक पर जौनपुर के चंदवक थाना क्षेत्र से घर लौट रहे थे कि जौनपुर जिले के चंदवक थाना के बीरी बारी बाजार के पास ट्रैक्टर की चपेट में आने से ईमरान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदवक ले जाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान ईमरान को मृत घोषित कर दिया गया। शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक किशोर कक्षा 9 का छात्र था।
