बिंद्रा बाजार, आज़मगढ़। ज़िले के थाना गम्भीरपुर पुलिस ने चोरी के मुकदमे का मात्र 24 घंटे में सफल अनावरण करते हुए अन्तर्जनपदीय दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का माल बरामद किया है।
बीते 23 अक्टूबर को थाना गम्भीरपुर क्षेत्र के ग्राम लहबरिया स्थित एक प्लांट से सात लोहे की डाई, एक इन्वर्टर बैटरी एवं हैंड पाइप चोरी कर लिये जाने के संबंध में वादी द्वारा प्रार्थना पत्र दिया गया था।
थानाध्यक्ष गम्भीरपुर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सिन्धीलाल सोनकर मय टीम द्वारा की गई कार्रवाई के क्रम में आज रविवार को मुखबिर की सूचना पर लड्डन पुत्र हैदर व वारीश पुत्र महादली दोनों निवासी ग्राम दुर्गापुर, थाना बरदह, जनपद आजमगढ़ को लहबरिया मजार के पास से गिरफ्तार किया गया। दोनों अभियुक्तों के कब्जे से चोरी का माल बरामद हुआ, जिसमें एमरान टाल ट्यूबलर बैटरी, जेड सीरिज इन्वर्टर, कॉपर क्वायल, फ्रिज कम्प्रेसर आदि सामान एवं ₹5000 नगद बरामद हुआ।
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने उक्त चोरी की घटना को अंजाम दिया था तथा इससे पूर्व थाना गौराबादशाहपुर, जनपद जौनपुर क्षेत्र में भी इसी प्रकार की चोरी की थी।
