आजमगढ़। जिले के थाना बिलरियागंज पुलिस ने प्रतिबंधित गोवंशीय पशु वध के लिए ले जाते समय दो युवकों को गिरफ्तार किया है। मौके से एक प्रतिबंधित पशु भी बरामद किया गया।
क्षेत्राधिकारी सगड़ी के पर्यवेक्षण में उ0नि0 मनीष कुमार विश्वकर्मा मय हमराहियान द्वारा संदिग्ध व्यक्ति-वाहन चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की गई। इसी बीच मुखबिर खास से सूचना मिली कि दो व्यक्ति एक गोवंशीय पशु को वध के लिए ले जा रहे हैं।
सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने कुर्थीपुर कब्रिस्तान के पास दोनों व्यक्तियों को प्रतिबंधित पशु के साथ पकड़ लिया। पूछताछ में अभियुक्तों की पहचान तबरेज पुत्र अंसार एवं मेराज पुत्र स्व. रियाजुल उर्फ मौलाना निवासीगण मोहम्मदपुर थाना बिलरियागंज के रूप में हुई।
पुलिस ने मौके से एक गोवंशीय पशु बरामद कर अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया है।
अभियुक्त तबरेज के विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम सहित बीएनएस व एससी/एसटी एक्ट के तहत पूर्व में भी मामला दर्ज है, जबकि मेराज पर वर्ष 2020 में मारपीट व दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज हो चुका है।
