आजमगढ़। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शुक्रवार की रात हुए सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार अज्ञात वाहनों की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों ही मामलों में परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भरौली तोडरपुर गांव निवासी 32 वर्षीय संदीप शुक्रवार की शाम बाइक से अहरौला थाना क्षेत्र के बनरपुरा गांव अपनी मौसी गुलैची देवी को लिवाने जा रहे थे। जब वह अहरौला के शाहपुर बाजार पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में संदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन आनन-फानन में उन्हें अहरौला सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
दूसरी घटना जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र की है। मऊ जनपद के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के च्यूटीडाड़ गांव निवासी 39 वर्षीय अरविंद कुमार हरियाणा की एक कंपनी में कार्यरत थे। दो माह पहले घर आए थे और अगले सप्ताह वापस जाने वाले थे। शुक्रवार सुबह वह अजमतगढ़ अपनी बहन पुष्पा से मिलने गए थे। शाम को बाइक से लौटते समय जीयनपुर क्षेत्र के जमसर गांव के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अरविंद को लाटघाट सीएचसी पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक अरविंद के दो बेटे और दो बेटियां हैं। वह दो भाइयों व दो बहनों में सबसे बड़े थे। घटना के बाद पत्नी मंजू, मां विमला देवी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
