आज़मगढ़। पश्चिमी विक्षोभों के असर से 22 जनवरी की देर रात से प्रदेश में बारिश की संभावना है। आगामी 48 घंटे के दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव रह सकता है, लेकिन ठंड से फिलहाल राहत बनी रहेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने और हवा की दिशा में बदलाव तथा आसमान साफ होने से प्रदेश के पश्चिमी और मध्यवर्ती भागों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। यह गिरावट अगले 24 घंटों तक जारी रहने की संभावना है।
पूर्वांचल में आगामी 48 घंटे के दौरान तापमान में क्रमिक गिरावट के बावजूद यह सामान्य के आसपास या उससे अधिक रह सकता है। साथ ही, कोहरे में आई कमी के कारण लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरोत्तर दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से 22 जनवरी की देर रात पश्चिमी उत्तर प्रदेश से वर्षा का दौर शुरू होगा। यह वर्षा 23 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश (पूर्वांचल) तक व्यापक रूप से फैल सकती है। 24 जनवरी को वर्षा में कमी आएगी और 25 जनवरी को मौसम शुष्क होने की संभावना है।
22 से 24 जनवरी के दौरान न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने से प्रदेश में फिलहाल ठंड से मिली राहत जारी रह सकती है। हालांकि, 24 से 26 जनवरी के बीच न्यूनतम तापमान में फिर 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। इसके बाद 26 जनवरी से अगले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शुरू होने वाले नए वर्षा दौर के दौरान तापमान में फिर बढ़ोतरी होने की संभावना है।
वहीं, आगामी एक सप्ताह के दौरान अधिकतम तापमान में मामूली क्रमिक गिरावट के बावजूद यह सामान्य से ऊपर ही बना रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने किसानों और आम जनता को आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।
