आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के बदरका मोहल्ले में रविवार रात एक अनियंत्रित कार के घर की बाउंड्री में घुसने से हंगामा खड़ा हो गया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन बाउंड्री टूटने और मुआवजे को लेकर लोगों में आक्रोश फैल गया।
मिली जानकारी के अनुसार बदरका मोहल्ले के तिराहे पर रविवार की रात करीब दस बजे एक कार अचानक अनियंत्रित होकर एक घर की बाउंड्री में जा घुसी। हादसे में किसी को चोट नहीं आई, लेकिन बाउंड्री टूटने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में दर्जनों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और कार चालक के खिलाफ लोग आग-बबूला हो गए।
बताया जा रहा है कि कार चौक के ही एक दुकानदार की थी। चालक ने स्टेयरिंग जाम होने का हवाला दिया, लेकिन मौजूद लोग उसे मानने को तैयार नहीं थे। लोगों का आरोप था कि चालक नशे की हालत में था। कार भी हादसे में क्षतिग्रस्त हो गई।
इसी बीच कार मालिक दुकानदार का एक साथी चालक को बचाने पहुंचा, जिसे लोगों ने मारपीट कर दी। सूचना पर बदरका महिला चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचीं, लेकिन पर्याप्त फोर्स न होने के कारण वह असहाय नजर आईं।
लोग टूटे हुए बाउंड्री के नुकसान की तत्काल भरपाई की मांग पर अड़े रहे, जबकि कार चालक अधिक मांग होने की बात कहकर आधी रकम देने की गुहार लगाता रहा। इसको लेकर काफी देर तक बहस चलती रही और मौके पर भारी भीड़ जुटी रही।
काफी मशक्कत के बाद महिला दरोगा ने दोनों पक्षों को समझाकर नुकसान की भरपाई पर समझौता कराया, तब जाकर मामला शांत हुआ और लोग वापस लौटे।
