आज़मगढ़। जिले के अतरौलिया थाना में सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार अंबेडकर नगर जिले के राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरावं गांव निवासी 45 वर्षीय हरिचंद अपने 18 वर्षीय भतीजे सूरज के साथ बाइक से अतरैठ–अतरौलिया मार्ग होते हुए कहीं जा रहे थे। दोनों रोजगार के सिलसिले में मुंबई जाने की तैयारी कर रहे थे।
जैसे ही उनकी बाइक अतरौलिया क्षेत्र के अतरैठ गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंची, अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में हरिचंद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल सूरज को अतरौलिया स्थित सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। मृतक हरिचंद अपने पीछे एक पुत्र और तीन पुत्रियों को छोड़ गए हैं। अचानक हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है और गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
थानाध्यक्ष अतरौलिया देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
