रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। भीषण कोहरे और कपकपाती ठंड के बीच बीती रात चोरों ने शहर के बीचो-बीच बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। मातबरगंज इलाके में स्थित एक मोबाइल शोरूम को निशाना बनाते हुए चोर छत के सहारे अंदर घुसे और कीमती मोबाइल व टैबलेट समेट कर फरार हो गए। गुरुवार सुबह दुकान खुलते ही चोरी की जानकारी होने पर इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ शहर के मातबरगंज मोहल्ले में स्थित मोबाइल शोरूम में बीती रात चोरी की घटना हुई। दुकान मालिक मनोज कुमार ने बताया कि चोर एक दर्जन नए ब्रांडेड मोबाइल फोन और तीन टैबलेट चोरी कर ले गए, जबकि दुकान में रखा करीब 40 हजार रुपये नकद सुरक्षित रहा।
सुबह दुकान खोलने पर सामान बिखरा देख घटना का पता चला। इसके बाद पीड़ित दुकानदार ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी और कोतवाली में लिखित तहरीर भी दी है। सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन किया।
