रिपोर्ट: अभिषेक उपाध्याय

आजमगढ़ । जिले के थाना जहानगंज क्षेत्र में गिरोहबंद (गैंगस्टर) अधिनियम के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला समेत दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक वीरेंद्र यादव टीम के साथ उ0प्र0 गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रिया-कलाप निवारण अधिनियम 1986 के तहत वांछित अभियुक्तों की तलाश में थे। पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्त वरुण कुमार साहनी पुत्र राम शोभित साहनी निवासी बक्सामा थाना गोरौल जिला वैशाली बिहार तथा विभा देवी पत्नी स्वर्गीय उपेंद्र साहनी निवासी केरमा थाना कोहली जिला मुजफ्फरपुर बिहार  समाज सेवा में प्रयुक्त एम्बुलेंस वाहन का दुरुपयोग कर अलग-अलग नंबर प्लेट लगाकर विभिन्न स्थानों पर नकली शराब की सप्लाई करते थे, जो समाज हित के विरुद्ध गंभीर अपराध है।

बीते 27 सितंबर  को दोनों अभियुक्त हरियाणा से नकली शराब लेकर बिहार जा रहे थे, तभी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के पास थाना जहानगंज, स्वाट द्वितीय एवं सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर पकड़ लिया था, जिसके संबंध में थाना जहानगंज पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था। इसी क्रम में गुरुवार को समय  रामपुर–सठियांव तिराहे से महिला समेत दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर  लिया गया।

पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण कर दोनों अभियुक्तों को माननीय न्यायालय भेज दिया।