आजमगढ़।  जिले के कन्धरापुर थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चोरी की मोटरसाइकिल को बेचने की फिराक में खड़े एक शातिर अभियुक्त को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से बिना नम्बर प्लेट की चोरी की बाइक बरामद की गई है।

शुक्रवार को थाना कन्धरापुर पुलिस टीम के उ0नि0 नरेन्द्र विक्रम सिंह, अपने हमराहियों के साथ  संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बाकीपुर सोनहरिया रोड पर एक व्यक्ति बिना नम्बर प्लेट की मोटरसाइकिल के साथ खड़ा है और उसे बेचने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, लेकिन सतर्कता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम अंकित सिंह उर्फ उदय प्रताप सिंह, पुत्र महेन्द्र सिंह, निवासी वजहा ईदिलपुर, थाना जहानागंज, जनपद आजमगढ़ बताया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर अभियुक्त ने मोटरसाइकिल चोरी की होना स्वीकार किया। बरामद मोटरसाइकिल  थाना शाहगंज, जनपद जौनपुर से संबंधित पाई गई।