रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के छतरपुर गांव में बृहस्पतिवार की देर रात तीन अज्ञात चोरों के घर में घुसने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, ग्राम निवासी कुमन देवी अपने घर में बर्तन साफ कर रही थीं, तभी तीन अज्ञात युवक घर में घुस आए। उनमें से एक ने महिला का गला दबा दिया, जिससे वह शोर मचाने लगीं।
महिला की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े और चोरों का पीछा किया। ग्रामीणों ने एक चोर को घर से करीब 500 मीटर दूर जाकर पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान कांस्टेबल अनिल सरोज सादे कपड़ों में मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ के उग्र रवैये के चलते उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।
घायल सिपाही और महिला को सीएचसी बरदह ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल जौनपुर रेफर कर दिया गया।
पीड़ित महिला ने बताया कि घटना के तुरंत बाद पुलिस अधीक्षक को सूचना दी गई, क्योंकि प्रारंभ में किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हुई थी।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर प्राप्त कर ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
