रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़।  जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई शनिवार को रानीपुर रजमो मोड़ के पास की गई।


जानकारी के अनुसार, गंभीरपुर थाने की पुलिस ने आरोपी साहुल को रानीपुर रजमो मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। पकड़ा गया आरोपी गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गंभीरपुर गांव का निवासी है। थाना प्रभारी अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज की गई थी। विवेचना के दौरान साहुल का नाम प्रकाश में आया, जिस पर आरोप था कि उसने बीती रात डंडे से जान से मारने की नीयत से हमला किया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने डंडे से हमला करने की बात स्वीकार कर ली है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।