रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़।  जिले के पवई थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव में रविवार को धान की रोपाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। 11 वर्षीय दीपांशु तिवारी उर्फ लिटिल तिवारी की रोटावेटर की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब दीपांशु खेत में चल रहे ट्रैक्टर पर चढ़ गया। संतुलन बिगड़ने पर वह नीचे गिर पड़ा और पीछे चल रही रोटावेटर की चपेट में आ गया।

हादसा इतना भयावह था कि मासूम का शरीर कई टुकड़ों में कट गया। ट्रैक्टर चालक को घटना की जानकारी तक नहीं हो पाई और वह ट्रैक्टर चलाता रहा। जब लोगों की नजर खेत में पड़े शव पर पड़ी तो गांव में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कपड़े और गमछे से शव को ढका और परिजनों को सूचना दी।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे और रो-रोकर बेहाल हो गए। गांव में मातम का माहौल छा गया। वहीं, ट्रैक्टर चालक मौके से ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। यदि परिजनों की ओर से तहरीर दी जाती है तो मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है।