रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपहरण और दुष्कर्म करने वाले आरोपी एहसान अहमद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर SC/ST एक्ट समेत बीएनएस की कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 10 जून 2025 को हुई थी। शादी से पहले वह सरायमीर क्षेत्र में एक पैथोलॉजी सेंटर में कार्यरत थी, जहाँ पर आरोपी एहसान पुत्र एजाज, निवासी गोढ़वा थाना बरदह, उसका सहकर्मी था। उसी दौरान एहसान उस पर जबरदस्ती फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से अश्लील बातचीत और ब्लैकमेलिंग करने लगा। मना करने पर गाली-गलौज और धमकी दी जाती थी।
शादी के बाद भी एहसान ने पीड़िता का पीछा नहीं छोड़ा। वह लगातार अश्लील वीडियो और फोटो भेजकर उसे डरा-धमका कर मिलने के लिए मजबूर करता रहा। पीड़िता ने जब मिलना अस्वीकार किया, तो दिनांक 24 जून 2025 को आरोपी उसे ससुराल से जबरन अगवा कर ले गया और शादी का झांसा देकर अपने घर में कैद करके शारीरिक शोषण करता रहा। विरोध करने पर आरोपी ने जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया और जान से मारने की धमकी दी।
इतना ही नहीं, जब पीड़िता आरोपी के घर से भागकर बाहर निकल पाई और उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, तो एहसान और उसके परिजनों ने न केवल उसके साथ मारपीट की, बल्कि उसका जेवर और सामान भी जबरदस्ती छीन लिया। पीड़िता की तहरीर पर 12 जुलाई को थाना निजामाबाद में अभियुक्त एहसान सहित सलमान, शीबू और राबिया के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया, जिसमें SC/ST एक्ट की धाराएँ भी जोड़ी गईं।
उपनिरीक्षक अनिल सिंह और उनकी टीम को बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी एहसान खुदादादपुर चौराहे के पास मौजूद है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे गिरफ़्तार कर लिया।
