आज़मगढ़।  जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है, जहां दवा लेने गए एक व्यक्ति की जेब से 25 हजार रुपये पार कर दिए गए। पूरी घटना मेडिकल स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

मिली जानकारी के अनुसार अतरौलिया थाना क्षेत्र के रतुवापार गांव निवासी अनिरुद्ध यादव बीते रविवार को ममता मेडिकल हॉल पर दवा लेने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद दो संदिग्ध युवक उनके आसपास मंडराते रहे और मौका पाकर उनकी जेब से करीब 25 हजार रुपये निकाल लिए। अनिरुद्ध यादव को घटना की भनक तक नहीं लगी। कुछ देर बाद जब उन्हें पैसे की जरूरत पड़ी तो उन्होंने जेब देखी, लेकिन उसमें रखे रुपये गायब थे। इसके बाद वह तुरंत मेडिकल हॉल पहुंचे और वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली, जिसमें साफ दिखाई दिया कि दो युवक उनके करीब घूम रहे हैं और वही चोरी की वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुट गई है।

वहीं पीड़ित अनिरुद्ध यादव ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति सीसीटीवी में दिख रहे आरोपियों की पहचान कर जानकारी देता है तो उसे 10 हजार रुपये नगद और एक ट्रॉली ईंट इनाम के रूप में दी जाएगी।