रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। जिले  के  शहर कोतवाली के  लछीरामपुर में वादिनी रागिनी सिंह द्वारा अपने पति के घर में प्रवेश न देने और अवैध असलहा फैक्ट्री के संचालन का आरोप लगाने के बाद थाना कोतवाली की पुलिस ने जांच की। पुलिस टीम ने मौके पर जाकर जांच की तो पाया कि घर में केवल निर्माणाधीन बाथरूम व घरेलू सामान मौजूद हैं और कोई अवैध असलहा निर्माण नहीं हुआ है।


वादिनी रागिनी सिंह पत्नी कुँवर सत्येन्द्र प्रताप सिंह ने न्यायालय से आदेश प्राप्त किया था कि उन्हें अपने पति के घर में रहने दिया जाए। इस आदेश के अनुपालन में जिला प्रोबेशन अधिकारी और पुलिस टीम घर पहुँची। इस दौरान घर में उपस्थित परिवार ने वादिनी और उसके बच्चों के साथ गाली-गलौज की और पुलिस व DPO टीम के समझाने के बावजूद असहयोग किया।

वादिनी ने आरोप लगाया कि घर में अवैध असलहा निर्माण का सामान रखा गया है और परिवार उसे घर में नहीं रहने दे रहा है। इस पर थाना कोतवाली में मुकदमा  दर्ज किया गया।


पुलिस ने  लछीरामपुर पहुँचकर जांच की और पाया कि घर में केवल निर्माणाधीन बाथरूम और घरेलू प्लम्बिंग/इलेक्ट्रिक सामान मौजूद थे। कोई भी अवैध असलहा निर्माण फैक्ट्री, अर्द्धनिर्मित असलहे या निर्माण में प्रयुक्त उपकरण नहीं मिले। स्थानीय लोगों के अनुसार घर में केवल पार्वती देवी रहती हैं और कोई किरायेदार नहीं है। वादिनी द्वारा वायरल किए गए वीडियो में दिखाया गया सामान घरेलू सामान ही था, जिसका अवैध असलहा निर्माण से कोई संबंध नहीं था।

जांच के दौरान पुलिस ने घर में पाए गए सामान की सूची में ड्रिल मशीन, कटर मशीन, हथौड़ी, विभिन्न आकार के रिंच, लोहे काटने की आरी, गड़ाशा, प्लास, चुड़ी बनाने की मशीन, रेती और कटी हुई पाइप शामिल पाए। यह सभी सामान घरेलू उपयोग और निर्माण कार्य से संबंधित थे, न कि किसी अवैध असलहा निर्माण के।
जांच में यह साबित हो गया कि वादिनी द्वारा लगाए गए अवैध असलहा फैक्ट्री के आरोप असत्य हैं।