आजमगढ़। राजभवन के निर्देश पर महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय आजमगढ़ में युवा महोत्सव के अंतर्गत “युवा तरंग” कार्यक्रम के आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में विश्वविद्यालय परिसर स्थित प्रशासनिक भवन के कुलपति सभागार में कुलपति प्रो. संजीव कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तय करते हुए 15 प्रतियोगितात्मक इवेंट कराने पर सहमति बनी।
मिली जानकारी के अनुसार, बैठक में यह निर्णय लिया गया कि विश्वविद्यालय से संबद्ध समस्त राजकीय, अनुदानित एवं स्व-वित्त पोषित महाविद्यालयों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे, जिसकी सहमति संबंधित प्राचार्यों एवं प्रभारियों द्वारा ईमेल व हार्ड कॉपी के माध्यम से भेज दी गई है। युवा महोत्सव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए कुलसचिव द्वारा प्रो. वंदना पांडेय के संयोजकत्व में समिति गठित की गई है, जबकि प्रो. अरुण कुमार सिंह को सह-संयोजक नामित किया गया है। साथ ही 15 उप-समितियों का गठन कर प्रत्येक प्रतियोगिता की जिम्मेदारी अलग-अलग टीमों को सौंपी गई।
कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने बताया कि कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ 13 फरवरी को सुबह 10 बजे प्रशासनिक भवन के बगल स्थित हेलीपैड के पास ओपन ग्राउंड में लगे पंडाल में मुख्य अतिथि एवं कुलपति द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ होगा। उद्घाटन सत्र 11:30 बजे तक चलेगा, जिसके बाद प्रतिभागी निर्धारित हॉल, शैक्षणिक भवन एक व दो तथा प्रशासनिक भवन में पहुंचकर अपनी-अपनी समितियों के प्रभारी से संपर्क कर प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। अधिकांश प्रतियोगिताएं 13 फरवरी को ही पूर्ण करने का प्रयास किया जाएगा, जबकि शेष प्रतियोगिताएं 14 फरवरी को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक संपन्न कराई जाएंगी। समापन समारोह दोपहर 3 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार वितरण के साथ संपन्न होगा। कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगी।
कुलपति ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं के भीतर छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि गायन, वादन, नृत्य, प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद, एकांकी, कोलाज, रंगोली सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्र-छात्राओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
बैठक में कुलसचिव डॉ. अंजनी कुमार मिश्र, कार्यक्रम सचिव डॉ. महेश कुमार श्रीवास्तव, प्रो. निशा यादव, प्रो. मोहसिन रियाज, प्रो. प्रकाश चंद, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. प्रवेश सिंह, डॉ. अमित कुमार, डॉ. शशि प्रकाश, डॉ. शिवेंद्र, डॉ. नितेश, डॉ. निधि, डॉ. वैशाली, डॉ. त्रिशिका, डॉ. ऋतंभरा, डॉ. अग्रहरि, डॉ. अखिलेश, डॉ. आशुतोष, डॉ. सत्यम, डॉ. शुभम, डॉ. सौरभ सहित कुलपति के निजी सचिव भूपेंद्र पांडे मौजूद रहे।
