आज़मगढ़। जिले के  कंधरापुर थाना क्षेत्र के भंवरनाथ के पास मंगलवार की शाम एक सड़क दुर्घटना में महिला की मौत हो गई। सब्जी लेकर घर लौट रही महिला को पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

नगर कोतवाली क्षेत्र के छोटी हरैया निवासी 40 वर्षीय रिंकी देवी पत्नी रामधनी प्रजापति मंगलवार की शाम भंवरनाथ बाजार सब्जी खरीदने गई थीं। बाजार से सब्जी लेने के बाद वह पैदल अपने घर की ओर लौट रही थीं। इसी दौरान भंवरनाथ के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस ने ट्रक को चालक सहित अपने कब्जे में ले लिया है। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।