आज़मगढ़। शासन द्वारा महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन हेतु संचालित मिशन शक्ति अभियान (फेज-05) के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना के निर्देशन में आजमगढ़ जनपद के समस्त थानों पर जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। इस विशेष अभियान के अंतर्गत महिलाओं/बालिकाओं को घरेलू हिंसा से संरक्षण, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न, बाल विवाह प्रतिषेध, पॉक्सो एक्ट व महिला सम्मान से जुड़े विभिन्न कानूनों की जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त महिला हिंसा की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई व सहायता हेतु महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, जिनमें वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, सीएम हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर 181, साइबर हेल्पलाइन 1930, स्वास्थ्य सेवा 102, एम्बुलेंस सेवा 108, तथा जनसुनवाई पोर्टल और स्थानीय थाने की हेल्प डेस्क शामिल हैं।
पुलिस द्वारा विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों व ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस पाठशाला व चौपाल के माध्यम से छात्राओं व महिलाओं को उनके अधिकार, सुरक्षा उपाय, शिकायत प्रक्रिया और सहायता संसाधनों के प्रति जागरूक किया गया। मिशन शक्ति के इस अभियान से समाज में महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण की दिशा में सार्थक पहल हो रही है।
