आज़मगढ़।  प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को सुनिश्चित करने हेतु चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0”अभियान के अंतर्गत आज जनपद आजमगढ़ में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री हेमराज मीना के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों द्वारा चौपाल, पुलिस पाठशाला तथा अन्य माध्यमों से बालिकाओं एवं महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा संसाधनों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रमों में महिला एवं बच्चों से संबंधित प्रमुख मुद्दों जैसे – घरेलू हिंसा, दहेज प्रतिषेध, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न, बाल विवाह, पॉक्सो अधिनियम तथा महिला गरिमा के विरुद्ध अपराधों पर विस्तृत जानकारी दी गई। उपस्थित महिलाओं को बताया गया कि आवश्यकता पड़ने पर वे विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन सेवाओं की सहायता ले सकती हैं, जैसे कि – वीमेन पावर लाइन (1090), पुलिस आपातकालीन सेवा (112), मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (1076), चाइल्ड हेल्पलाइन (1098), वन स्टॉप सेंटर (181), साइबर हेल्पलाइन (1930), स्वास्थ्य सेवा (102), एम्बुलेंस सेवा (108) एवं जनसुनवाई पोर्टल, स्थानीय थानों की महिला हेल्प डेस्क, राज्य/राष्ट्रीय महिला आयोग आदि।

इन माध्यमों के द्वारा महिलाएं अपनी शिकायतें दर्ज करा सकती हैं और त्वरित सहायता प्राप्त कर सकती हैं।