आज़मगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र में शनिवार शाम लालगंज-दुलारगंज मार्ग पर गंगापुर कबीरा पुल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सामने से आ रहे डीजे वाहन में निकला लोहे का रॉड उसकी छाती में घुस गया, जिससे उसकी तत्काल मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बरदह थाना क्षेत्र के सिसरेणी जैतीपुर निवासी युवक शनिवार को अपनी पत्नी को लेने देवगांव ससुराल जा रहा था। रास्ते में लालगंज-दुलारगंज स्थित गंगापुर कबीरा पुल के पास सामने से आ रहे एक डीजे वाहन में लगा बाहर निकला लोहे का रॉड उसकी छाती में जा लगा। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
युवक दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत था और एक सप्ताह पूर्व ही घर लौटा था। परिवार में वह माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक विवाहित बहन और डेढ़ साल की छोटी बेटी है, जिसके रो-रोकर बुरा हाल है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
लालगंज के सीओ भूपेश पांडेय ने बताया कि डीजे वाहन से निकला लोहे का रॉड युवक के सीने में घुस जाने से उसकी मौत हुई। उन्होंने बताया कि सड़क किनारे घनी झाड़ियाँ और पेड़ होने के कारण दोनों तरफ से आ रहे वाहनों को देखने में कठिनाई होती है, जिससे यह दुर्घटना हुई।
