रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के शारदा तिराहा पर दो छात्र गुटों में हुई झड़प में एक युवक के जबड़े में गोली लगी। घायल युवक को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मोनू चौहान (22) निवासी सरदारगंज रानीवासी थाना मेंहनगर जनपद आज़मगढ़, जो सिधारी थाना क्षेत्र के सम्मोपुर में रहकर डीएवी कॉलेज में बीकॉम कर रहा है, बृहस्पतिवार की शाम अपने दोस्तों के साथ शारदा तिराहा के पास मौजूद था। इसी बीच कुछ अन्य युवकों के साथ विवाद हो गया। विवाद के दौरान एक अज्ञात युवक ने मोनू चौहान पर गोली चला दी, जो उसके जबड़े में जा लगी। घायल युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। वहां मौजूद लोगों ने उसे पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सक ने हायर सेंटर के लिए रेफर किया। इसके बाद उसे लछीरामपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कर इलाज चल रहा है।
एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि यह मामला दो समूहों के विवाद का परिणाम है। जांच जारी है और जल्द ही आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
