रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र में कुत्तों के विवाद के दौरान हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में युवक बाल-बाल बच गया था, जबकि गोली उसके पालतू कुत्ते को लग गई थी। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से अवैध असलहा और कारतूस भी बरामद किया है।

थाना अहरौला क्षेत्र के ग्राम बस्ती भुजवल में बीते दो फरवरी की रात करीब  आठ बजे कुत्तों के विवाद को लेकर वादी पक्ष के पुत्र रिषू शुक्ला से अभियुक्तों की कहासुनी हो गई थी। विवाद के दौरान अभियुक्तों ने अवैध असलहे से जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। हालांकि गोली युवक को न लगकर उसके पालतू कुत्ते को जा लगी, जिससे कुत्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के संबंध में वादी की तहरीर पर थाना अहरौला में मुकदमा पंजीकृत किया गया था।

सोमवार को उप निरीक्षक विश्राम गुप्ता अपनी पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर करनपुर–इशहाकपुर पुलिया के पास पहुंचे, जहां से वांछित अभियुक्त दीपक चौबे को  गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा,कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई है।
पूछताछ में अभियुक्त दीपक चौबे ने बताया कि कुत्तों के विवाद के दौरान उसने अपने साथी विवेक चौबे के साथ मिलकर फायरिंग की थी। घटना के बाद मौके पर लोगों के पहुंचने पर दोनों फरार हो गए थे। अभियुक्त ने अपने कृत्य को गलती स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त दीपक चौबे  निवासी ग्राम बस्ती भुजवल, थाना अहरौला का रहने वाला है, जिसके विरुद्ध पहले से भी कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।