आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ में 12 से 14 फरवरी 2026 के मध्य आयोजित होने वाले प्रथम युवा महोत्सव युवा तरंग–2026 की तैयारियों को लेकर कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने समीक्षा बैठक कर आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मिली जानकारी के अनुसार महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ परिसर स्थित कुलपति सभागार में युवा तरंग–2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता माननीय कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने की। बैठक में युवा महोत्सव के सफल आयोजन के लिए गठित विभिन्न समितियों के प्रभारियों से बिंदुवार विचार-विमर्श किया गया।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी ने बताया कि कुलपति ने महोत्सव के संयोजक प्रो. वंदना पाण्डेय एवं सह-संयोजक प्रो. अरुण कुमार सिंह को निर्देशित किया कि वे सभी समितियों के साथ नियमित समन्वय स्थापित करें तथा महाविद्यालयों से अधिकतम छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित कराएं। साथ ही विश्वविद्यालय परिसर में आयोजन की सफलता के लिए निरंतर प्रयासरत रहने को कहा, जिससे यह महोत्सव पूर्वांचल की युवा प्रतिभाओं को एक सार्थक मंच प्रदान कर सके।
कुलपति ने यह भी निर्देश दिया कि समिति के प्रत्येक सदस्य अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी संजीदगी से करें, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि की कोई गुंजाइश न रहे। महाविद्यालयों की बेहतर सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए उनसे निरंतर संपर्क बनाए रखा जाए तथा आवश्यकता अनुसार विश्वविद्यालय द्वारा लिए गए निर्णयों से उन्हें अवगत कराया जाए, जिससे अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं इस महोत्सव का लाभ उठा सकें।


बैठक में डॉ. पंकज सिंह, डॉ. देवेंद्र पाण्डेय, डॉ. अखिलेश त्रिपाठी, डॉ. आशुतोष माहेश्वरी, डॉ. सौरभ सिंह, डॉ. शिवेन्द्र सिंह, डॉ. सत्यम, डॉ. नितेश सिंह, डॉ. धीरज यादव, डॉ. तृषिका, डॉ. ऋतम्भरा सहित अन्य प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। इसके अलावा कुलपति के निजी सहायक भूपेंद्र पांडे तथा व्यक्तिगत सहायक विपिन शर्मा भी बैठक में मौजूद रहे।