आज़मगढ़। पैरा स्विमिंग की दुनिया में नया इतिहास लिखने वाली जिया राय, जो आजमगढ़ जिले के सगड़ी तहसील के कटाई अलीमुद्दीनपुर गाँव की निवासी हैं, एक बार फिर सुर्खियों में हैं। जिया ने XXV नेशनल पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप 2025 में 200 मीटर फ्रीस्टाइल, 100 मीटर बटरफ्लाई और 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले स्पर्धाओं में टीम महाराष्ट्र की ओर से उतरने का ऐलान किया है। यह भव्य प्रतियोगिता 17–18 नवंबर 2025 को जीएमसी बालयोगी एक्वाटिक सेंटर, हैदराबाद (तेलंगाना) में आयोजित होगी। आयोजन का संचालन भारतीय पैरालंपिक समिति की देखरेख में पैरा स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा किया जाएगा।
जिया पिछले चार वर्षों से राष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करती आ रही हैं। बेंगलुरू, उदयपुर, ग्वालियर और पंजिम में आयोजित राष्ट्रीय पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप में वे 200 मीटर फ्रीस्टाइल, 100 मीटर बटरफ्लाई और 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले में राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। उनका यह प्रदर्शन अब अंतरराष्ट्रीय पैरा तैराकी चैम्पियनशिप के चयन में भी बेहद अहम भूमिका निभाने वाला है।
जिया राय का जलवा केवल पूल तक सीमित नहीं है, उन्होंने ओपन वॉटर में भी विश्व रिकॉर्ड बनाकर दुनिया को चौंका दिया। हाल ही में उन्होंने दुनिया के सबसे कठिन माने जाने वाले कैटालिना चैनल की 34 किमी दूरी को 15 घंटे 01 मिनट 43 सेकंड में पार कर विश्व की पहली पैरा तैराक बनने का गौरव हासिल किया। इससे पहले 28 जुलाई 2024 को वे इंग्लिश चैनल की 34 किमी दूरी को 17 घंटे 25 मिनट में पार कर सबसे कम उम्र की और सबसे तेज महिला पैरा तैराक बनी थीं। चैनल स्विमिंग के 150 वर्षों के इतिहास में यह उपलब्धि हासिल करने वाली वे ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से पीड़ित पहली लड़की हैं।
उनकी उपलब्धियों को देश भी खूब सराह चुका है। 03 दिसंबर 2023 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें विकलांगता पर राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया। इससे पहले वे प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2022, उत्तर प्रदेश विकलांगता पुरस्कार 2021, और डॉ. टेम्पल ग्रैंडिन अवार्ड (यूएसए) जैसी कई प्रतिष्ठित उपलब्धियाँ अपने नाम कर चुकी हैं।
