आजमगढ़। जिले  के फूलपुर तहसील क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले सब-रजिस्ट्रार सत्येंद्र कुमार यादव को उत्तर प्रदेश सिविल सर्विसेज पुरुष क्रिकेट टीम में गेंदबाजी प्रशिक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके साथ हर्ष भी प्रशिक्षण टीम में शामिल रहेंगे। यह जिम्मेदारी मिलने से एक बार फिर आजमगढ़ का नाम प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार आजमगढ़  जिले के फूलपुर तहसील अंतर्गत पवई ब्लॉक के इटकोहिया गांव निवासी सत्येंद्र कुमार यादव वर्तमान में जनपद अम्बेडकर नगर में सब-रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत हैं। खेल के प्रति उनकी निरंतर रुचि और अनुशासन को देखते हुए खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, खेल भवन लखनऊ द्वारा उन्हें वर्ष 2025–26 की अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश टीम का गेंदबाजी प्रशिक्षक नियुक्त किया गया है।
बताया जा रहा है कि सत्येंद्र कुमार यादव बचपन से ही क्रिकेट से जुड़े रहे हैं। सिविल सर्विसेज में चयन के बाद भी उन्होंने खेल से नाता नहीं तोड़ा। पूर्व में वह उत्तर प्रदेश सिविल सर्विसेज क्रिकेट टीम की ओर से खिलाड़ी के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग कर चुके हैं। उनके अनुभव और तकनीकी दक्षता का लाभ अब टीम के युवा खिलाड़ियों को मिलेगा।
अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन आगामी 17 फरवरी से 26 फरवरी 2026 तक दिल्ली के विभिन्न नामी क्रिकेट ग्राउंड पर किया जाएगा, जिसमें उत्तर प्रदेश टीम भी प्रतिभाग करेगी। उम्मीद जताई जा रही है कि सत्येंद्र कुमार यादव के मार्गदर्शन में टीम बेहतर प्रदर्शन करेगी।
अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए सत्येंद्र कुमार यादव ने कहा कि चाहे व्यक्ति कितना भी व्यस्त क्यों न हो या किसी भी पद पर क्यों न पहुंच जाए, मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए खेल से जुड़ा रहना बेहद जरूरी है। खेल न केवल ऊर्जा देता है बल्कि व्यक्ति को अपने देश, प्रदेश, जिले और गांव का नाम रोशन करने का अवसर भी प्रदान करता है।
उनकी इस उपलब्धि पर डॉ. विनय सिंह, सुभाष चंद यादव, डॉ. रामजी वर्मा, डॉ. बृजेश प्रजापति, गिरीश चतुर्वेदी, महेंद्र मृदुल, पवन गौतम, विद्यासागर पटेल, नवल ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष सीपी यादव, गुलाब चौरसिया, राम प्रताप यादव, सुनील सिंह, रमेश कुमार यादव, बाबूराम, अनिल कुमार, अनिल मौर्य सहित जनपद  भर से लोगों ने बधाई दी है।