




आजमगढ़। मंडल में धान खरीद को शुरू हुए दो माह बीत चुके हैं, लेकिन रफ्तार उम्मीद के मुताबिक नहीं है। 216 क्रय केंद्रों के जरिये अब तक लक्ष्य का मात्र 60 प्रतिशत धान ही खरीदा जा सका है। पिछली खरीद सीजन की तुलना में इस बार एजेंसियां पीछे चल रही हैं, जिससे लक्ष्य पूरा होने पर सवाल खड़े हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार आजमगढ़ मंडल को इस वर्ष 21.3 लाख क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य मिला है। लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत खरीद सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न एजेंसियों द्वारा कुल 216 क्रय केंद्र खोले गए हैं। इन केंद्रों पर बीते एक नवंबर से समर्थन मूल्य पर किसानों से धान की खरीद की जा रही है।
धान खरीद शुरू हुए दो माह पूरे हो चुके हैं, लेकिन अब तक केवल 12.7 लाख क्विंटल धान की ही खरीद हो सकी है, जो कुल लक्ष्य का लगभग 60 प्रतिशत है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार मंडल की प्रगति कुछ धीमी है।
जनपदवार स्थिति पर नजर डालें तो बलिया जनपद धान खरीद में सबसे पीछे है। बलिया में 10.3 लाख क्विंटल के लक्ष्य के सापेक्ष केवल 12.7 लाख क्विंटल धान की खरीद हुई है। वहीं मऊ जनपद में 5.50 लाख क्विंटल लक्ष्य के सापेक्ष 3.01 लाख क्विंटल तथा आजमगढ़ जनपद में 5.50 लाख क्विंटल लक्ष्य के मुकाबले 3.80 लाख क्विंटल धान खरीदा गया है।
अब तक मंडल में कुल 28,251 किसान लाभांवित हो चुके हैं, जिन्हें धान खरीद के एवज में 268.21 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। खरीदे गए धान में से लगभग 62 प्रतिशत धान राइस मिलों को कुटाई के लिए भेजा जा चुका है।
धान खरीद की अंतिम तिथि 28 फरवरी निर्धारित है। ऐसे में यदि खरीद प्रक्रिया में तेजी नहीं लाई गई, तो तय लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत धान खरीद कर पाना मुश्किल हो सकता है।
