आजमगढ़। जिले में होली पर्व और पवित्र रमजान माह को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन सतर्क नजर आया। इसी क्रम में डीआईजी व एसएसपी के नेतृत्व में नगर क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया गया।

पुलिस उप-महानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार द्वारा थाना कोतवाली पुलिस और पीएसी बल के साथ नगर क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया गया। फ्लैग मार्च थाना कोतवाली से शुरू होकर महिला अस्पताल, बेस्ली, चौक, चकिया, पहाड़पुर सहित अन्य घनी आबादी एवं संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा।
इस दौरान अधिकारियों ने बाजारों, प्रमुख चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने, नियमित गश्त बढ़ाने तथा मिश्रित आबादी वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक व आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
फ्लैग मार्च के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी सहित अन्य अधिकारी, महिला पुलिस, थाना कोतवाली पुलिस बल एवं पीएसी बल मौजूद रहा।

एसएसपी डॉ0 अनिल कुमार ने  आमजन से होली और रमजान के दौरान शांति, भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।