आजमगढ़। जिले  में अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम व निजी क्लीनिकों पर स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के आदेश एवं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा के निर्देश पर मार्टिनगंज और महाराजगंज विकासखंड में औचक निरीक्षण कर चार चिकित्सा केंद्रों पर सीज व नोटिस की कार्रवाई की गई। बिना पंजीकरण और बिना योग्य चिकित्सकों के संचालित इन केंद्रों को जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा मानते हुए कार्रवाई की गई है।

बुधवार को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में प्राप्त शिकायतों के क्रम में डिप्टी सीएमओ/नोडल अधिकारी (नर्सिंग होम एवं पैथोलॉजी) डॉ. आलेन्द कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने मार्टिनगंज क्षेत्र में निरीक्षण किया। ग्राम जिवली, थाना बरदह, तहसील मार्टिनगंज स्थित ओम गुरु चिकित्सालय का अपराह्न निरीक्षण किया गया, जहां यह बिना वैध पंजीकरण के संचालित पाया गया। निरीक्षण के समय कोई भी योग्य चिकित्सक मौजूद नहीं था। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए चिकित्सालय को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया।



वहीं, महाराजगंज विकासखंड के मुख्य बाजार में निरीक्षण के दौरान देवपालिक क्लीनिक नर्सिंग होम और शिवा नर्सिंग होम में भी गंभीर खामियां पाई गईं। दोनों नर्सिंग होम बिना वैध पंजीकरण के संचालित थे और निरीक्षण के समय कोई चिकित्सक उपस्थित नहीं था। जांच के दौरान शिवा नर्सिंग होम में 9 तथा देवपालिक क्लीनिक नर्सिंग होम में 8 मरीज भर्ती पाए गए। मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोनों नर्सिंग होम की ओटी को सीज कर दिया गया तथा तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने का कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।


मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने कहा कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ विभाग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।