आजमगढ़। पूर्वांचल के औद्योगिक नक्शे पर आजमगढ़ ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज कराई है। देश की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित 23वें ईवी एक्सपो में आजमगढ़ की एक उभरती कंपनी ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। अत्याधुनिक तकनीक, मजबूती और बेहतर मुनाफे की क्षमता के दम पर इस कंपनी ने सैकड़ों प्रतिस्पर्धियों को पीछे छोड़ते हुए सर्वोच्च सम्मान हासिल किया है, जिससे जिले के साथ-साथ पूरे पूर्वांचल का नाम रोशन हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, नई दिल्ली के भारत मंडपम में तीन दिवसीय आयोजित 23वें ईवी एक्सपो में आजमगढ़ की आईएनएस ऑटोमोबाइल प्राइवेट लिमिटेड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘बेस्ट अवार्ड’ अपने नाम किया। यह एक्सपो ईवी सेक्टर का सबसे बड़ा और प्रतिष्ठित मंच माना जाता है, जिसमें देश-विदेश की करीब 400 नामी कंपनियों ने भाग लिया था। कड़े मुकाबले के बीच आईएनएस ऑटोमोबाइल ने सभी को पछाड़कर पहला स्थान हासिल किया।
आईएनएस ऑटोमोबाइल ‘आइडियल बुलडोजर’ ब्रांड नाम से ई-रिक्शा का निर्माण करती है। कंपनी के ई-रिक्शा अपनी बेहतरीन तकनीक, जबरदस्त मजबूती, आकर्षक डिजाइन और अधिक कमाई की क्षमता के लिए जाने जाते हैं। इन्हीं खूबियों ने निर्णायक मंडल को सबसे अधिक प्रभावित किया और कंपनी को बेस्ट अवार्ड का हकदार बनाया।
खास बात यह रही कि इस प्रतिष्ठित एक्सपो के पूरे आयोजन का स्पॉन्सर भी आईएनएस ऑटोमोबाइल को बनाया गया था। किसी छोटे शहर से निकलकर राष्ट्रीय स्तर के इतने बड़े आयोजन का स्पॉन्सर बनना और फिर बेस्ट अवार्ड जीतना, अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
एक्सपो के दौरान आईएनएस ऑटोमोबाइल के स्टॉल पर देश के विभिन्न राज्यों से आए डीलरों, उद्यमियों और ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने आइडियल बुलडोजर ई-रिक्शा की मजबूती, आधुनिक फीचर्स और बेहतर मुनाफे की संभावनाओं को करीब से देखा और सराहा।
कंपनी के निदेशक और आजमगढ़ शहर के उद्यमी एस.के. सत्येन ने इस ऐतिहासिक सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि एक समय वे ऐसे मंचों पर पहुंचने का सपना देखते थे, और आज उसी मंच के स्पॉन्सर बनकर बेस्ट अवार्ड हासिल करना उनके लिए गर्व और अविस्मरणीय क्षण है। उन्होंने कहा कि यह सफलता उनकी पूरी टीम की मेहनत और ग्राहकों के भरोसे का परिणाम है।
