लखनऊ/आज़मगढ़।  प्रदेश में जारी भीषण शीतलहर और बढ़ती ठंड को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा निर्णय लिया है। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रदेशभर के स्कूलों को बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में लगातार चल रही कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूलों को एक जनवरी 2026 तक बंद रखने का आदेश दिया है। यह आदेश ICSE, CBSE, UP बोर्ड सहित सभी बोर्डों से मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा।


मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि शीतलहर के दौरान बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आदेश के आधार पर 29 दिसंबर से 1 जनवरी तक प्रदेश के सभी परिषदीय प्राथमिक विद्यालय, सहायता प्राप्त विद्यालय एवं सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।


इससे पहले आज़मगढ़ में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने भीषण ठंड को देखते हुए जनपद में कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूलों और कॉलेजों को 30 दिसंबर तक बंद रखने के आदेश जारी किए थे।


लखनऊ समेत कई जिलों के जिलाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के आदेश के अनुपालन में अपने-अपने जनपदों में स्कूल बंद रखने के आदेश जारी कर दिए हैं।