आज़मगढ़। नगर के अग्रसेन तिराहे स्थित डायमंड स्टूडियो पर जीएसटी टीम ने बड़ी कार्रवाई की। देर रात तक चली जांच में टीम ने करीब एक करोड़ रुपये की टैक्स हेराफेरी का खुलासा किया और लाखों रुपये का माल सीज कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, नगर कोतवाली क्षेत्र के अग्रसेन चौराहा स्थित डायमंड स्टूडियो नामक कंप्यूटर व कंप्यूटर पार्ट्स की दुकान पर सोमवार की दोपहर जीएसटी विभाग की टीम ने अचानक छापा मारा। टीम ने पहुंचते ही दुकान में मौजूद ग्राहकों को बाहर निकाल दिया और दुकानदार से जीएसटी से संबंधित अभिलेख मांगे।
ज्वाइंट कमिश्नर नीलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई देर रात तक जारी रही। जांच के दौरान टीम को लगभग एक करोड़ रुपये की बिक्री पर टैक्स चोरी का मामला मिला। वहीं, दुकान में मौजूद 45 लाख रुपये मूल्य के माल का कोई वैध बिल या बाउचर न मिलने पर उसे सीज कर लिया गया।
डिप्टी कमिश्नर मैनेजर चौरसिया ने बताया कि दुकानदार ने मौके पर ही 10 लाख रुपये टैक्स के रूप में जमा किए, जबकि शेष राशि आगे जमा करने की बात कही है। टीम ने दुकान के अभिलेखों और स्टॉक में बड़ा अंतर पाया है। कई दस्तावेजों को भी सील किया गया है। विभाग अब दुकानदार से पूरा हिसाब लेकर आगे की कार्रवाई करेगा।
