आजमगढ़। जिले में पुलिस ने अपराध पर शिकंजा कसते हुए बड़ी कार्रवाई की है। 5 सक्रिय और शातिर अपराधियों को चिन्हित कर अलग-अलग थानों में उनकी हिस्ट्रीशीट खोल दी गई है। इन अपराधियों पर गैंगस्टर, लूट, डकैती, चोरी और धोखाधड़ी जैसे कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं, जिन पर अब पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की संस्तुति के बाद 18 मार्च को जिलाधिकारी आजमगढ़ द्वारा हिस्ट्रीशीट खाका को मंजूरी दी गई। इसके बाद जनपद के विभिन्न थानों में 5 शातिर अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोल दी गई है और उनके क्रियाकलापों पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, थाना सिधारी के हरिवंश गोपाल, थाना अहरौला के राजन और शेरू यादव उर्फ भोलू यादव, थाना मुबारकपुर के बृजेश उर्फ मलिक और थाना जीयनपुर के राज उर्फ सवरिया को अभ्यस्त अपराधी मानते हुए हिस्ट्रीशीटर घोषित किया गया है।
इन सभी अपराधियों पर गैंगस्टर एक्ट, डकैती, लूट, चोरी, अवैध असलहा रखने और धोखाधड़ी जैसे कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि इन अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि जनपद में सक्रिय अपराधियों की पहचान कर अभियान चलाकर उनकी हिस्ट्रीशीट खोली जाए, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके