आजमगढ़। जिले के डीआईओएस उपेंद्र कुमार ने गंभीर स्वास्थ्य कारणों से चार सप्ताह का चिकित्सकीय अवकाश ले लिया है। इसी बीच परीक्षा केंद्र निर्धारण में अनियमितता समेत करीब 400 शिकायतों को लेकर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने डीआईओएस के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति शासन को भेजी है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की 18 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा के लिए 30 नवंबर को 230 केंद्रों की प्रस्तावित सूची जारी की गई थी, जिस पर 4 दिसंबर तक 418 आपत्तियां मिलीं। इनमें 384 ऑनलाइन और 34 ऑफलाइन थीं। अभी तक आपत्तियों का निस्तारण नहीं हो सका है। संशोधित सूची 17 दिसंबर को और अंतिम सूची 30 दिसंबर को जारी होनी है।
पहले भी केंद्र निर्धारण में गड़बड़ी की जांच में आरोप सही पाए गए थे, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई थी। वर्तमान शिकायतों को गंभीर मानते हुए डीएम ने खुद मोर्चा संभाल लिया है और प्रशासनिक टीम से परीक्षा केंद्रों की जांच कराई जा रही है, ताकि किसी तरह की अनियमितता न हो।
