रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़।  जिले के अहरौला थाना क्षेत्र में पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगेस्टर एक्ट में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। मामला जहरीला पदार्थ खिलाकर की गई हत्या से जुड़ा है, जिसमें सक्रिय गिरोह लंबे समय से पुलिस की रडार पर था।

थाना अहरौला क्षेत्र में जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या के एक गंभीर मामले में सक्रिय संगठित गिरोह के दो वांछित अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह गिरोह गैंग लीडर श्रवण पाण्डेय पुत्र रामसकल पाण्डेय, निवासी ग्राम भोगईचा, थाना अहरौला के नेतृत्व में संचालित था, जो अपने साथियों के साथ मिलकर आर्थिक एवं भौतिक लाभ के उद्देश्य से जघन्य अपराधों को अंजाम देता था।
पुलिस के अनुसार, 16 मार्च 2025 को शाम  भोगईचा निवासी सुनील पाण्डेय पुत्र रामकृपाल को बाजार जाते समय अभियुक्तों ने पकड़ लिया। इसके बाद उन्हें अपने घर के अंदर ले जाकर मारपीट की गई और जबरन जहरीला पदार्थ खिलाया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। इस घटना के संबंध में 17 मार्च 2025 को मृतक की पत्नी  अंजनी पाण्डेय की तहरीर पर थाना अहरौला में मुकदमा  दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
गिरफ्तारी के क्रम में गुरुवार को थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर ग्राम भोगईचा स्थित जेठू सिंह स्मृति द्वार मोड़ से दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में रामसकल पाण्डेय पुत्र स्वर्गीय राजाराम पाण्डेय और  रवि पाण्डेय पुत्र रामसकल पाण्डेय शामिल हैं। दोनों ग्राम भोगईचा, थाना अहरौला के निवासी हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अभियुक्तों के खिलाफ हत्या से जुड़े मामले के अलावा गैंगेस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस  गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।