रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़ पुलिस ने मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले भर में सक्रिय अभियान चलाया। गुरुवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में किशोरी अपहरण, शारीरिक शोषण और ब्लैकमेल के गंभीर मामलों में कई वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
पहला मामला रौनापार थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने वाले करन कुमार पुत्र छठ्ठू राम को भीमबर नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। नौ सितंबर को पंजीकृत शिकायत के आधार पर विवेचना करते हुए पीड़िता को मंगलवार को सकुशल बरामद किया गया।
दूसरा मामला महराजगंज थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने रामप्रसाद मौर्य पुत्र ओमप्रकाश मौर्य को परशुरामपुर तिराहे से गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी आठ दिसम्बर को दर्ज 15 वर्षीय किशोरी के अपहरण के मामले में हुई।
इसी थाना क्षेत्र में दूसरा मामला शारीरिक शोषण का था, जिसमें चंदन पुत्र ओंकार को बजरंग चौक से गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने विवाह का झांसा देकर पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध स्थापित किए और धमकी दी।
तीसरा मामला अहरौला थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने विशाल सिंह उर्फ बादल पुत्र भवानी शंकर सिंह को अहरौला बाईपास से गिरफ्तार किया। आरोपी ने 13 वर्षीय किशोरी को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का प्रयास किया था। विवेचना में पीड़िता ने स्वयं थाना पहुंचकर घटनाक्रम का विवरण दिया।
चौथा मामला निजामाबाद थाना क्षेत्र का है, जहां फहद पुत्र कैश अहमद को महिला का अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और दुष्कर्म करने के गंभीर मामले में डोडोपुर बाजार से गिरफ्तार किया गया। शिकायत 22 दिसम्बर बको प्राप्त हुई थी। अभियुक्त के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
पांचवां मामला जीयनपुर थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने साहिल पुत्र जालंधर को मुबारकपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी ने 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगा लिया था। विवेचना के दौरान मुकदमे में पाक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई और अभियुक्त ने जुर्म स्वीकार किया।
इन सभी मामलों में गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
