आज़मगढ़।  जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। माइल स्टोन 246 के पास शनिवार की शाम को तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक सवार युवक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन सहित फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बैजनाथ पांडेय (32) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के बक्सर जिले के बम्हमपुर (नैनीजोर) थाना क्षेत्र अंतर्गत महुआर गांव का निवासी था। वह लखनऊ के पीजीआई क्षेत्र में रहकर इलेक्ट्रिशियन का काम करता था।


परिजनों के मुताबिक बैजनाथ पांडेय अपने मित्र अवनीश कुमार के साथ बाइक से लखनऊ से बिहार स्थित अपने पैतृक गांव जा रहा था। रास्ते में दोनों ने अतरौलिया थाना क्षेत्र के सियारपट्टी में अवनीश कुमार के घर भोजन किया। इसके बाद बैजनाथ अकेले आगे के सफर के लिए निकल पड़ा।


जब वह मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बिजरवा के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बैजनाथ पांडेय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।


हादसे की सूचना मिलते ही मुबारकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष शशिमौलि पांडेय ने बताया कि फरार टैंकर चालक की तलाश की जा रही है।