रिपोर्ट: आशीष निषाद

अतरौलिया,आज़मगढ़ । जिले के कोयलसा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय मगरुपुर में स्वतंत्रता दिवस  एक राजनीतिक दल विशेष का गीत बजाने के मामले जहाँ सहायक अध्यापक को निलंबित कर दिया वही इस मामले में भाजपा के लालगंज जिलाध्यक्ष विनोद राजभर ने इस कृत्य की निंदा करते हुए कहा कि प्रशासन ने दोषियों पर कठोर कार्रवाई का भरोसा दिया है।

गौरतलब  है  कि बीते  15 अगस्त को प्राथमिक विद्यालय मगरुपुर का एक वीडियो मंगलवार को वायरल हुआ। जिसमें साफ देखा गया कि गीत में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को फिर से मुख्यमंत्री बनाने की बात कही जा रही थी। बच्चों ने उस गाने पर नाचते-गाते कार्यक्रम में भाग लिया और विद्यालय के सहायक अध्यापक सुनील कुमार यादव मंच से तालियाँ बजाकर उनका उत्साहवर्धन करते दिखे।

यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही शिक्षा विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया। लालगंज के भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद राजभर ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार से संबंधित शिक्षक पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का उद्देश्य महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करना है, लेकिन बच्चों से राजनीतिक नारे लगवाना राष्ट्रीय पर्व का अपमान है। यह राष्ट्र के सम्मान के खिलाफ है और ऐसे कृत्य राष्ट्रद्रोह की श्रेणी में आते हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि विद्यालय में अध्यापकों द्वारा बच्चों से राजनीतिक नारे लगवाना घोर अनुशासनहीनता और निंदनीय कृत्य है। स्वतंत्रता दिवस पर महापुरुषों जैसे भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस, सरदार पटेल और चंद्रशेखर आज़ाद की जयकार होनी चाहिए थी, न कि किसी राजनीतिक व्यक्ति का प्रचार।

उन्होंने कहा कि शिकायत को जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लिया और बेसिक शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए। आदेश पर सहायक अध्यापक सुनील कुमार यादव को निलंबित कर दिया गया। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि वीडियो फुटेज की जांच के बाद अन्य दोषी शिक्षकों पर भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।