रिपोर्ट: आशीष निषाद
अतरौलिया/आजमगढ़। प्रदेश में गैस की कथित किल्लत और आजमगढ़ सदर अस्पताल में बुजुर्ग महिला के साथ हुए दुर्व्यवहार के वायरल वीडियो को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता व श्रम प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक रमाकांत मिश्रा ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने विपक्षी दलों पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार पूरी तरह सतर्क है और किसी भी तरह की गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ भाजपा नेता व श्रम प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक रमाकांत मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में गैस की कोई कमी नहीं है, बल्कि विपक्षी दलों द्वारा कृत्रिम अभाव का माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी से जुड़े कुछ लोग, जो गैस एजेंसियों पर कब्जा जमाए हुए हैं, जानबूझकर गैस की कमी का माहौल बनाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से 943 रुपये में गैस सिलेंडर रिफिल घर तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई भी एजेंसी संचालक इससे एक रुपये भी अधिक वसूलता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाएगी। भाजपा कार्यकर्ता ऐसे मामलों पर नजर बनाए हुए हैं और जरूरत पड़ने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराकर एजेंसी निरस्त कराने की भी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं आजमगढ़ जिला अस्पताल में एक बुजुर्ग महिला के साथ हुए दुर्व्यवहार के वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए रमाकांत मिश्रा ने इसे अत्यंत संवेदनशील मामला बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी मरीज के साथ दुर्व्यवहार किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष पुष्कर मिश्रा ने इस मामले को प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक के संज्ञान में लाया है। स्वास्थ्य मंत्री ने इस मामले में तीन दिन के भीतर रिपोर्ट तलब की है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही अतरौलिया स्थित 100 बेड वाले राजा जयपाल सिंह अस्पताल में दलालों की सक्रियता और डॉक्टरों की लापरवाही की शिकायतों को भी उन्होंने गंभीरता से लिया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में अस्पताल अधीक्षक से बातचीत की गई है और जल्द ही स्वास्थ्य मंत्री तथा राज्यपाल को विस्तृत रिपोर्ट भेजी जाएगी, ताकि लापरवाह डॉक्टरों और कर्मचारियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
