रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के मेंहनगर थाना क्षेत्र के कटहन गांव में जमीन को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपितों ने पीड़ित के घर में घुसकर मारपीट की और घरेलू सामान तोड़ दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, कटहन गांव निवासी पवन सिंह ने पुलिस को तहरीर दी है कि 16 दिसंबर को विवादित जमीन पर लकड़ी रखने को लेकर गांव के पांच लोगों से उनका विवाद हुआ था। बताया गया है कि इस मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपितों ने उनके घर में घुसकर घरेलू सामान तोड़ दिया और पवन सिंह को गंभीर चोटें पहुंचाईं।


इस घटना के बाद पवन सिंह ने 19 दिसंबर को मेंहनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। लेकिन पवन सिंह का आरोप है कि 22 दिसंबर को आरोपितों ने उनके साथ दोबारा विवाद किया और मारपीट की कोशिश की। इस पर पुलिस ने तुरंत दूसरा मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।


सीओ भूपेश पांडेय ने बताया कि विवाद जमीन पर लकड़ी रखने को लेकर हुआ था। दोनों घटनाओं के संबंध में विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, और इसे पुलिस ने जांच का हिस्सा बना लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।