रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के खजुरी चौक के पास बीती रात एक सड़क हादसा हुआ। एक बुलेट को सामने से आ रहे ट्रेलर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, अहरौला थाना क्षेत्र के झगड़ा पाकड़ गांव निवासी 29 वर्षीय दुष्यंत अपने गांव के 53 वर्षीय बद्री राजभर और 40 वर्षीय रामशब्द के साथ आजमगढ़ से बुलेट पर घर लौट रहे थे। खजुरी चौक के पास जब वे पहुँच रहे थे, तभी सामने से आ रहे ट्रेलर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि दुष्यंत की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में बद्री और रामशब्द भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ डॉक्टर उनकी हालत पर लगातार नजर रखे हुए हैं। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है और चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
