
रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के नसीरपुर के पास नील गाय की टक्कर से शहर के एक प्रमुख कारोबारी की मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद शहर में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के समय वे बुलेट से बिलरियागंज क्षेत्र से घर लौट रहे थे।
शहर के पुरानी सब्जी मंडी गुरुटोला निवासी 38 वर्षीय अनुराग अग्रवाल पुत्र स्वर्गीय दिनेश अग्रवाल नगर के प्रतिष्ठित व्यवसाई थे। हैंडलूम और डेकोरेशन सम्बन्धित कारोबार से जुड़े थे। इसके साथ ही उनके द्वारा रेस्टोरेंट और मिठाई का कारोबार भी किया जाता था।
सोमवार की दोपहर में वह किसी कार्य से बुलेट से बिलरियागंज गए थे । शाम करीब 3:30 बजे घर लौट रहे थे। तभी नसीरपुर के पास रोड पार कर रहे नील गाय से बाइक की टक्कर हो गई। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
शहर के मड़या स्थित एक निजी अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया। था, जहां रात करीब नौ बजे उनका निधन हो गया। निधन की खबर लगते ही शहर के कारोबारी अस्पताल पहुंच गए। देर रात तक शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा। मंगलवार को दिन में राजघाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।