आजमगढ़ । जिले में साइबर अपराधों का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है और अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। ऐसा ही एक गंभीर मामला मेंहनगर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में सामने आया, जहां एक नाबालिग लड़की निधि की फेसबुक आईडी हैक कर उसके बैंक खाते से कुल 53,900 रुपये निकाल लिए गए।

पीड़िता निधि ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके मोबाइल नंबर से फेसबुक आईडी बनाई गई थी। 11 और 12 अगस्त 2025 को साइबर अपराधियों ने आईडी हैक कर यूनियन बैंक खाते से चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन कर रुपए निकाल लिए। घटना की जानकारी होते ही निधि ने तुरंत मेंहनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई और पुलिस से पैसे वापस दिलाने की गुहार लगाई।

थाना प्रभारी संजय सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पीड़िता की तहरीर प्राप्त हो चुकी है। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही आरोपियों का पता लगाया जाएगा और कार्रवाई की जाएगी।