आज़मगढ़। सोनभद्र जिले के चोपन थाना क्षेत्र के प्रीतनगर में देर रात एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई, जिसमें आज़मगढ़ निवासी एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार आज़मगढ़ के लालगंज बहेरा, देवगांव निवासी अभिषेक शर्मा (30), आशुतोष तिवारी (35) और दिलीप श्रीवास्तव (45) किसी रिश्तेदार को छोड़ने के लिए दुद्धी आए थे। देर रात तीनों वापस लौट रहे थे। प्रीतनगर स्थित सड़क पर ओवरटेक करते समय उनकी कार खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखचे उड़ गए और तीनों वाहन में ही फंस गए।
स्थानीय लोगों ने सभी को बाहर निकालकर सीएचसी चोपन पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दिलीप श्रीवास्तव को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायल युवकों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
