रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जनपद में विदेश में रोजगार दिलाने के नाम पर युवाओं को कथित रूप से गुमराह करने का मामला सामने आया है। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के सहायक निदेशक श्री राममूर्ति की तहरीर पर सिधारी थाना पुलिस ने एक निजी इंटरनेशनल रिक्रूटमेंट एजेंसी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर श्रम एवं सेवायोजन विभाग द्वारा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए रोजगार संगम पोर्टल संचालित किया जाता है। इसी पोर्टल के माध्यम से देश और विदेश में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं तथा विदेशों में भर्ती की प्रक्रिया भी निर्धारित नियमों के तहत संपन्न कराई जाती है।
आरोप है कि इजराइल में श्रमिकों की भर्ती की आधिकारिक चयन प्रक्रिया रोजगार संगम पोर्टल के माध्यम से चल रही थी। इसके बावजूद 3 अगस्त 2026 को सिधारी थाना क्षेत्र स्थित गल्फ टेक्निकल इंस्टीट्यूट परिसर में एक निजी रिक्रूटमेंट एजेंसी द्वारा पोर्टल को दरकिनार करते हुए भर्ती और साक्षात्कार आयोजित किया गया। शिकायत में कहा गया है कि इस प्रक्रिया से बेरोजगार युवाओं को भ्रमित किया गया और उनके साथ धोखाधड़ी किए जाने की आशंका है।
एफआईआर में मैसर्स आर.के. इंटरनेशनल रिक्रूटमेंट एजेंसी को नामजद किया गया है। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक मृत्युंजय सिंह को सौंपी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान भर्ती प्रक्रिया, संबंधित दस्तावेजों और एजेंसी की वैधानिक स्थिति की पड़ताल की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
]]>
रिपोर्ट______अरुण यादव
आजमगढ़। जिले की अहरौला पुलिस ने फर्जी एवं कूटरचित खतौनी के आधार पर जमीन बेचने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का शुक्रवार को पर्दाफाश किया। कोर्ट के आदेश पर बृहस्पतिवार/शुक्रवार की देर रात अहरौला थाने में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। शुक्रवार को अहरौला थाना पुलिस में मुख्य आरोपी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त क्रेटा कार और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए है।
वहीं कोर्ट के आदेश पर ठगी का मुकदमा दर्ज होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन व अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन और क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर के पर्यवेक्षण में अहरौला थाना पुलिस सक्रिय हुई। मुकदमा संख्या 241/2026 की विवेचना के दौरान अहरौला पुलिस को सूचना मिली कि फर्जी खतौनी के जरिए जमीन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी बरामदपुर पुलिया की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर क्रेटा कार को रोककर उसमें सवार चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शोभनाथ सेठ, सुधीर सेठ, इन्द्रभूषण सेठ और मुन्नीलाल शर्मा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे फर्जी खतौनी दिखाकर लोगों को जमीन बेचने का झांसा देते थे। विश्वास में लेकर आरटीजीएस और नकद के माध्यम से रुपये वसूलने के बाद न तो जमीन का बैनामा करते थे और न ही रकम वापस करते थे। रुपये मांगने पर पीड़ितों को धमकी भी इनके द्वारा दिया जाता था।
विदित हो कि पीड़ित दुर्गेश कुमार पाण्डेय की तहरीर पर अहरौला थाने में धोखाधड़ी, जालसाजी, कूटरचना, फर्जी दस्तावेज के इस्तेमाल, गाली-गलौज और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी शोभनाथ सेठ के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा एनआई एक्ट के तहत उसके विरुद्ध करीब 20 मामले न्यायालय में विचाराधीन बताए गए हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक चन्द्रशेखर सिंह समेत थाना अहरौला के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
]]>
रिपोर्ट________अरुण यादव
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र में फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र और कथित फर्जी वसीयत के जरिए करोड़ों रुपये की संपत्ति हड़पने के आरोप में बरदह पुलिस ने सोनी मिश्रा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला संपत्ति से जुड़े कथित धोखाधड़ी, कूटरचना और फर्जी दस्तावेज तैयार कर राजस्व अभिलेखों में नाम दर्ज कराने का है।
थाना प्रभारी चंद्रदीप कुमार ने बताया कि मुंबई निवासी आशीष आत्माराम मिश्र ने आरोप लगाया है कि उनके नाना राधेश्याम मिश्र का वर्ष 2021 में मुंबई के घाटकोपर स्थित आवास पर निधन हुआ था। उनका अंतिम संस्कार भी मुंबई में किया गया और वहीं के सक्षम प्राधिकारी द्वारा विधिवत मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया गया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बावजूद आरोपियों ने आजमगढ़ जिले के ठेकमा ब्लॉक से एक कथित फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया, जिसमें मृत्यु का स्थान ग्राम गोडहरा जनपद आजमगढ़ दर्शाया गया। आरोप है कि इसी कथित फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र और फर्जी वसीयतनामा के आधार पर मृतक की करोड़ों रुपये मूल्य की संपत्ति अपने नाम दर्ज करा ली गई। शिकायतकर्ता ने यह भी कहा है कि उनके नाना हमेशा अंग्रेजी में हस्ताक्षर करते थे, जबकि प्रस्तुत कथित वसीयत पर हिंदी में हस्ताक्षर दर्शाए गए हैं, जिससे दस्तावेज की प्रामाणिकता पर गंभीर सवाल उठते हैं। बरदह पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले की जांच उपनिरीक्षक सुरेश चंद्र मिश्र को सौंपी गई है। थाना प्रभारी चंद्रदीप कुमार ने बताया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
]]>
रिपोर्ट______SP त्रिपाठी
आजमगढ़। जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवक-युवतियों से लाखों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीएसए और बीईओ कार्यालय के नाम से कथित कूटरचित नियुक्ति पत्र एवं विभागीय आदेश तैयार कर करीब 15 अभ्यर्थियों को सठियांव विकासखंड के परिषदीय विद्यालयों में योग शिक्षक के रूप में ज्वाइन करा दिया गया। कई सप्ताह तक विद्यालयों में कार्य करने के बाद जब वेतन भुगतान की बात आई तो पता चला कि नियुक्ति और आदेश दोनों फर्जी थे।
पीड़ितों ने मामले की शिकायत बीएसए, मुबारकपुर थाना और पुलिस अधीक्षक से की है। शिकायतकर्ताओं में सुनीता जायसवाल, साधना देवी, पवन कुमार राजभर, अंजलि वर्मा, प्रियंका वर्मा, रेनू जायसवाल, दीपक कुमार मिश्रा, सिमरन मद्धेशिया, प्रिया जायसवाल, रुक्मिणी देवी, रूपा जायसवाल, राहुल गोंड, वंदना जायसवाल और राजेश कुमार समेत अन्य शामिल हैं। पीड़ितों का आरोप है कि उन्हें दिए गए नियुक्ति पत्र पर मेक्स आडिया मेडिटेशन, सफदरजंग, नई दिल्ली का पता अंकित था। साथ ही खंड शिक्षा अधिकारी सठियांव और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के नाम से भी कथित आदेश जारी किए गए थे। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर विभिन्न प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों में उनकी ज्वाइनिंग कराई गई। शिकायत के अनुसार, नियुक्ति पत्र में 12,450 से 13,500 रुपये मासिक वेतन का उल्लेख था। नौकरी दिलाने के नाम पर प्रत्येक अभ्यर्थी से 1.35 लाख से 1.50 लाख रुपये तक वसूले गए। अप्रैल और मई 2025 के दौरान सभी ने विद्यालयों में योग प्रशिक्षण भी दिया, लेकिन जब वेतन के लिए विभाग से संपर्क किया गया तो पता चला कि विभाग ने ऐसी कोई नियुक्ति ही नहीं की थी। अब इस पूरे मामले में यह सवाल भी उठ रहा है कि बिना दस्तावेजों का सत्यापन किए विद्यालयों में ज्वाइनिंग कैसे करा दी गई और इतने लंबे समय तक विभाग को इसकी भनक क्यों नहीं लगी। जबकि विद्यालय में कोई जाता है तो उससे प्रधानाध्यापक खूब पूछताछ करते हैं लेकिन विद्यालय में इतने दिन तक नौकरी करते रहे शिक्षकों से क्यों नहीं सवाल किया गया। इससे कहीं न कहीं विद्यालय के प्रधानाध्यापकों की भी भूमिका संदिग्ध लग रही है।
मामले में उठ रहे बड़े सवाल
फर्जी नियुक्ति पत्रों के आधार पर परिषदीय विद्यालयों में ज्वाइनिंग कैसे हो गई?
क्या बीईओ और विद्यालय प्रशासन ने नियुक्ति पत्रों का सत्यापन नहीं कराया?
बीएसए और बीईओ कार्यालय के नाम से फर्जी आदेश तैयार करने वाला गिरोह कौन है?
महीनों तक विद्यालयों में कार्य होने के बावजूद विभाग को इसकी जानकारी क्यों नहीं मिली?
क्या इस मामले में संबंधित अधिकारियों और विद्यालयों की भूमिका की भी जांच होगी?
यदि फर्जी आदेशों पर कार्य कराया गया तो इसकी जिम्मेदारी किसकी तय होगी?
वहीं इस पूरे मामले पर शशिचंद्र चौधरी, थाना प्रभारी मुबारकपुर ने कहा कि शिकायत मिली है। इसके लिए बीएसए से पत्राचार किया जा रहा है। बीएसए से रिपोर्ट मिलने के बाद इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं इस पूरे मामले मपर राजीव कुमार पाठक,बीएसए हमारे पास भी शिकायत आई थी। मामले में बीईओ से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि विभाग की तरफ से कोई नियुक्ति नहीं की गई है। अब ये लोग कहां से नियुक्ति हुए किसी को कुछ पता नहीं है। फिलहाल जांच कराई जाएगी।
]]>
रिपोर्ट______अरुण यादव
आजमगढ़। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भइया’ के निर्देशानुसार रविवार को आजमगढ़ के सर्किट हाउस में पार्टी के युवा प्रकोष्ठ एवं किसान प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने की, जिसमें संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियान, बूथ स्तर तक संगठन के विस्तार तथा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ बलबीर सिंह ‘शिवाजी’ उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाना सभी पदाधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि समीक्षा बैठक का उद्देश्य संगठन की गतिविधियों का मूल्यांकन करना और आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा के साथ तैयार करना है। उन्होंने कहा कि पार्टी का संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं जिला मंत्री अमित सिंह ‘प्रिन्स’ एवं जिला सचिव आशीष सिंह ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक रणनीति तैयार करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा भइया के नेतृत्व में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। बैठक में संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान को तेज करने तथा प्रत्येक बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ता तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प भी लिया।
वहीं इस अवसर पर जिला मंत्री अमित सिंह ‘प्रिन्स’, जिला सचिव आशीष सिंह, लालगंज विधानसभा अध्यक्ष ऋषभ सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष शिवम सिंह, पंकज सिंह, शिवम ठाकुर, जुगनू बाबा, मयंक, राजवीर, अर्पित सहित जिले के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
]]>
रिपोर्ट_______अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के निजामाबाद प्राथमिक विद्यालय सोढरी के प्रधानाध्यापक शिवदरश शर्मा पर छात्र को पढ़ाई के दौरान दूसरे के घर भेजकर तंत्र-मंत्र कराने का आरोप लगाया गया है। मामले में छात्र राज गौतम के बाबा कतवारु ने तहसील दिवस में शिकायत दर्ज कराते हुए जांच कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
निजामाबाद थाना क्षेत्र के कोलहपुर गांव निवासी छात्र राज गौतम 16 जुलाई को प्राथमिक विद्यालय सोढरी पढ़ने गया था। आरोप है कि विद्यालय में पढ़ाई के दौरान प्रधानाध्यापक शिवदरश शर्मा ने उसे किसी दूसरे व्यक्ति के घर भेज दिया, जहां उससे तंत्र-मंत्र कराया गया। छात्र राज गौतम के बाबा शिवदरश ने बताया कि प्रधानाध्यापक ने उनके पोते को स्कूल से कुछ दूरी पर स्थित घर में ले गए। इस दौरान छात्र राज गौतम को घर में मौजूद व्यक्ति ने पहले मीठा खिलाया। इसके बाद टीका लगाया और पांच बार घर के लोगों ने पैर छूकर उसे 52 रुपये देकर घर भेज दिए। जब राज घर पहुंचा तो इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिजन उसकी बात सुनकर दंग हो गए। इसके बाद दूसरे दिन परिजन प्राथमिक विद्यालय सोढरी में पहुंचे जहां पर प्रधानाध्यापक से पूछताछ की लेकिन उनके द्वारा कोई उचित जवाब नहीं दिया गया। छात्र के बाबा कतवारु ने तहसील दिवस में अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। एसडीएम चंद्रप्रकाश सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। खंड शिक्षा अधिकारी व्यासदेव व बीएसए राजीव कुमार पाठक को इस संबंध जांच कर आवश्यक कार्रवाई कर सूचित करने के लिए कहा गया है। शिवदरश शर्मा, प्रधानाध्यापक प्रा.वि.सोढरी शिक्षा क्षेत्र मिर्जापुर ने कहा कि छात्र लंच के समय बाहर चला गया था। पास में ही गांव के एक व्यक्ति के घर उत्सव मनाया जा रहा था। छात्र वहां पहुंचा तो भगवान का रूप मानकर उन्होंने बच्चे काे भी मिठाई दी और 52 रुपये उसे देकर घर भेज दिया गया। आधुनिकता की दौर में तंत्रमंत्र जैसा कुछ नहीं होता है। परिजन अंधविश्वास में जी रहे हैं, उनके द्वारा बेवजह मुझ पर आरोप लगाया जा रहा है।
वहीं इस पूरे मामले पर व्यासदेव,खंड शिक्षा अधिकारी तहबरपुर ने कहा कि एसडीएम के निर्देश पर मुझे जांच के लिए कहा गया है। दो बजे के बाद सूचना मिली थी। इस कारण आज कुछ नहीं हो पाया। स्कूल खुलने पर वहां मैं स्वयं जाऊंगा और जांच कर आवश्यक कार्रवाई करुंगा।
]]>
रिपोर्ट_______अरुण यादव
आजमगढ़। जिले में हत्या के एक चर्चित मामले में नामजद दो आरोपियों को पुलिस द्वारा चार्जशीट से बाहर कर क्लीनचिट देने पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश जय प्रकाश पांडेय की अदालत ने कड़ा रुख अपनाया है। अदालत ने सुनवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों रमेश दुबे और अमित दुबे को बतौर अभियुक्त 22 जुलाई को न्यायालय में तलब किया है।
अदालत ने विवेचना में प्रथमदृष्टया घोर लापरवाही, पक्षपातपूर्ण रवैये, उदासीनता और दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई के संकेत मिलने पर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और आजमगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को विवेचक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई कर उसकी रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
यह मामला मुबारकपुर थाना क्षेत्र का है। अभियोजन के अनुसार, अतरडीहा निवासी योगेंद्र सिंह ने अपने बड़े भाई तेजवीर सिंह की हत्या के मामले में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि 16 सितंबर 2024 को गाय खरीदने के विवाद के दौरान पठान बस्ती के पास तेजवीर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस ने विवेचना के बाद न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की, लेकिन नामजद आरोपी रमेश दुबे और अमित दुबे को आरोपियों की सूची से बाहर कर दिया। विचारण के दौरान वादी पक्ष ने अधिवक्ताओं के माध्यम से अदालत में प्रार्थना पत्र देकर कहा कि पर्याप्त साक्ष्य होने के बावजूद विवेचक ने जानबूझकर दोनों आरोपियों को क्लीनचिट दे दी।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने वादी का प्रार्थना पत्र स्वीकार करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय में तलब करने का आदेश दिया और विवेचक की भूमिका की जांच कर उसके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश डीजीपी एवं एसएसपी को जारी किए।
]]>
रिपोर्ट_____SP त्रिपाठी
आजमगढ़। जनपद आजमगढ़ की कोतवाली पुलिस ने 3.14 करोड़ रुपये की निवेश ठगी के बहुचर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने खुद को कस्टम विभाग का अधिकारी बताकर लोगों को तांबा, सोना, कपड़ा और मोबाइल के कारोबार में निवेश पर 50 से 90 प्रतिशत तक मुनाफा दिलाने का झांसा दिया और करोड़ों रुपये की ठगी की।
पुलिस के अनुसार, अनंतपुरा कटरा निवासी शेखर श्रीवास्तव ने कोतवाली थाने में तहरीर देकर बताया था कि मातवरगंज स्थित नगर पालिका मार्केट के एक फ्लैट में रहने वाले विकास राय शर्मा, विशाल राय समेत अन्य लोगों ने संगठित तरीके से निवेश के नाम पर ठगी का जाल बिछाया था।
आरोप है कि मुख्य अभियुक्त विकास राय ने खुद को कस्टम विभाग का कर्मचारी बताते हुए फर्जी कस्टम आईडी और कूटरचित दस्तावेज दिखाकर विश्वास हासिल किया। उसने अपने एक रिश्तेदार को दिल्ली में कस्टम कमिश्नर बताते हुए तांबा, कपड़ा, सोना और मोबाइल के कारोबार में निवेश कराने पर 50 से 90 प्रतिशत तक लाभ देने का लालच दिया। शुरुआत में कुछ लाभांश लौटाकर पीड़ितों का भरोसा जीता गया। इसके बाद वादी शेखर श्रीवास्तव, उनके भाई जयंत श्रीवास्तव और पिता अरुण कुमार श्रीवास्तव ने विभिन्न तिथियों में अभियुक्तों के बैंक खातों में कुल 3 करोड़ 14 लाख रुपये ट्रांसफर किए। आरोप है कि अभियुक्तों ने केवल 51 लाख रुपये वापस किए, जबकि 2 करोड़ 63 लाख रुपये हड़प लिए। जब पीड़ितों ने अपनी रकम वापस मांगी तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
इस मामले में कोतवाली थाना पर मु0अ0सं0 377/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में शनिवार को उपनिरीक्षक शशि सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कंधरापुर बाजार से दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विकास राय पुत्र अनिल राय,निवासी जोल्हापुर,थाना कंधरापुर, वर्तमान पता फ्लैट नं. 2F-604, गौतमबुद्ध नगर। और विशाल राय पुत्र अनिल राय, निवासी जोल्हापुर, थाना कंधरापुर, वर्तमान पता फ्लैट नं. 2F-604, गौतमबुद्ध नगर। वहीं पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अन्य नामजद आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
]]>
रिपोर्ट______अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के अतरौलिया गेस्ट हाऊस पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने शनिवार को समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आजमगढ़ में समाजवादी पार्टी के सांसद दरोगा प्रसाद सरोज पर करीब 50 बीघा जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया। राजभर ने कहा कि योगी सरकार में ऐसी प्रवृत्तियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अतरौलिया निरीक्षण भवन में मीडिया से वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोगों की पुरानी प्रवृत्ति रही है कि वे खाली जमीन देखकर उस पर अपना झंडा गाड़ देते हैं। मंत्री ने आजमगढ़ से जुड़े चर्चित भूमि कब्जा प्रकरण का जिक्र किया। उन्होंने सांसद सरोज द्वारा जमीन की रजिस्ट्री के दावे को फर्जी बताया। राजभर के अनुसार, केवल रजिस्ट्री के आधार पर अवैध कब्जे का अधिकार नहीं मिल जाता। उन्होंने बताया कि पीड़ित महिला लंबे समय से न्याय के लिए भटक रही थी। अब उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है। राजभर ने दावा किया कि मुख्यमंत्री कार्यालय ने मामले का संज्ञान ले लिया है। अवैध कब्जा करने वालों को अब जमीन खाली करनी पड़ेगी। कानून से ऊपर कोई नहीं है, चाहे वह कितना ही प्रभावशाली व्यक्ति क्यों न हो। राजभर ने कहा कि प्रशासन को मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए गए हैं। दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पीड़ित को न्याय दिलाया जाएगा। उन्होंने प्रदेश सरकार की कानून व्यवस्था का भी उल्लेख किया। मंत्री ने बताया कि सरकार अवैध कब्जों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है। संसद के आगामी मानसून सत्र पर पूछे गए प्रश्न का भी राजभर ने कहा कि संसद का प्रत्येक सत्र लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण होता है। 22 जुलाई से शुरू होने वाला यह सत्र देशहित और जनहित के कई महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा का मंच बनेगा। राजभर ने विश्वास जताया कि इस दौरान विकास और जनकल्याण से जुड़े कई विधेयक पारित होंगे। इससे आम जनता को लाभ मिलेगा।
]]>
रिपोर्ट______अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के कंधरापुर थाना क्षेत्र के बांकीपुर सोनहरिया गांव का 24 वर्षीय युवक पिछले 15 दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई है और बेटे की तलाश में आम लोगों से मदद की अपील की है। सूचना देने वाले को 20 हजार रुपये इनाम देने की भी घोषणा की गई है। मिली जानकारी के अनुसार, बांकीपुर सोनहरिया गांव निवासी उमाकांत चौधरी का पुत्र रमन चौधरी (24) चार जुलाई को शाम करीब चार बजे घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने तीन दिन बाद कंधरापुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। वहीं परिजनों का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। परिवार के अनुसार, युवक का मोबाइल फोन उसी दिन घर से कुछ दूरी पर जाकर स्विच ऑफ हो गया था। इसके बाद न तो किसी का फोन आया और न ही किसी प्रकार की फिरौती की मांग की गई। परिवार का यह भी कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, जिससे किसी विवाद की आशंका जताई जा सके। रमन चौधरी के पिता उमाकांत चौधरी ने लोगों से भावुक अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी को उनके बेटे के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल 7506129710 या पुलिस के मोबाइल नंबर 9454402912 पर सूचना दें। उन्होंने सही सूचना देने वाले व्यक्ति को 20 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।परिवार की आंखें पिछले 15 दिनों से बेटे की राह देख रही हैं। परिजनों ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि एक छोटी-सी सूचना भी रमन को उसके परिवार तक पहुंचाने में मददगार साबित हो सकती है।
]]>