आज़मगढ़। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आज उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा जिले में एकता, अखंडता और सद्भावना का संदेश देने हेतु रन फॉर यूनिटी का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंडलायुक्त विवेक, पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह, जिलाधिकारी आजमगढ़ रविंद्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने रिजर्व पुलिस लाइन, आजमगढ़ से संयुक्त रूप से ध्वज दिखाकर किया।
दौड़ पुलिस लाइन से घण्टाघर चौराहा, अग्रसेन चौक , पुराना पुलिस कार्यालय, गांधी तिराहा, रैदोपुर तिराहा, सिविल लाइन पुलिस चौकी तिराहा , पुलिस लाइन पहुचकर सम्पन्न हुआ।
मंडलायुक्त, डीआईजी, जिलाधिकारी और एसएसपी ने स्वयं दौड़ में सम्मिलित होकर प्रतिभागियों व नागरिकों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सौहार्द का प्रेरक संदेश दिया।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री चिराग जैन, अन्य वरिष्ठ अधिकारी, पुलिसकर्मी, रिक्रूट महिला आरक्षी तथा एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
दौड़ के दौरान प्रतिभागियों ने एक भारत – श्रेष्ठ भारत के नारे लगाए और लौह पुरुष पटेल जी को नमन किया। दौड़ में प्रथम स्थान महिला रिक्रूट आरक्षी सुष्मिता शुक्ला, द्वितीय स्थान महिला रिक्रूट आरक्षी सरजू देवी, तृतीय स्थान एनसीसी कैडेट अबू बसर को वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।

इसी क्रम में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन, आजमगढ़ में एक शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन भी हुआ।
इसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं रिक्रूट महिला आरक्षियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और समरसता बनाए रखने की शपथ दिलाई।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने इस अवसर पर कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए हम सभी सदैव कर्तव्यनिष्ठ एवं समर्पित रहेंगे।
