रिपोर्ट: आशीष निषाद

अतरौलिया, आज़मगढ़। स्थानीय क्षेत्र के महरुपुर स्थित आर एस कॉन्वेंट स्कूल और ब्लू बेल्स पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस के रूप में बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाई गई। दोनों विद्यालयों में आयोजित भव्य बाल मेलों में बच्चों ने रचनात्मकता, प्रतिभा और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया।

आर एस कॉन्वेंट स्कूल में कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सेनपुर के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश वर्मा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय परिसर में बच्चों द्वारा चाय, कॉफी, चाट, फुल्की, बर्गर, पिज़्ज़ा, मोमोज, चाउमीन, चिप्स, कुरकुरे सहित कई स्व-निर्मित व्यंजनों के आकर्षक स्टॉल सजाए गए। मुख्य अतिथि ने सभी स्टॉलों का अवलोकन कर बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा को निखारते हैं। विद्यालय प्रबंधक राणा लाखन सिंह ने नेहरू जी के बच्चों के प्रति प्रेम को याद करते हुए कहा कि बाल दिवस बच्चों में उत्साह और ऊर्जा का संचार करता है। छात्राओं प्रिया वर्मा, आराध्या तिवारी और साक्षी गुप्ता ने भी बाल मेले में भाग लेने के अपने अनुभव साझा किए। विद्यालय की प्रधानाचार्या रितु सिंह ने अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों का आभार प्रकट किया।

उधर, ब्लू बेल्स पब्लिक स्कूल में भी बाल दिवस धूमधाम से मनाया गया। यहां लगभग 800 से अधिक बच्चों द्वारा चार प्रमुख थीम आधारित स्टॉल जुपिटर, सैटर्न, यूरेनस और नेपच्यून—के साथ फूड, मॉडल्स, पेंटिंग और हस्तनिर्मित वस्तुओं के दर्जनों स्टॉल लगाए गए, जिन पर अभिभावकों और छात्रों ने जमकर खरीदारी की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह गुड्डू और विशिष्ट अतिथि विद्यालय के डायरेक्टर हर्षित सिंह ने बच्चों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को आत्मनिर्भर बनाते हैं और उनके आत्मविश्वास में वृद्धि करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रिंसिपल बलवंत सिंह ने कहा कि बाल मेला बच्चों को शिक्षा के साथ व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने का माध्यम है। दोनों विद्यालयों में हुए आयोजन में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और छात्र उपस्थित रहे।